फर्रुखाबाद:एंटी रोमियो टीम ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्राओं को किया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत थाना कादरी गेट की एंटी रोमियो टीम द्वारा आज संत पीटर्स प्रिपरेटरी स्कूल, फर्रुखाबाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में तुरंत महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 आदि पर संपर्क करें। साथ ही यह भी समझाया गया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी डर या झिझक के बिना शिकायत करें।

एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्त्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि सशक्त महिला ही सुरक्षित समाज की आधारशिला है।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना आत्मविश्वास से कर सकें।