फर्रुखाबाद: 4 दिसंबर 2025 महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर प्रदेश भर में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत आज थाना नवाबगंज क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम एवं महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। टीम ने रास्ते से होकर गुजरने वाली महिलाओं एवं छात्राओं को रुककर सुरक्षित वातावरण, सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।
टीम द्वारा कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला पेंशन योजना सहित महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए उपयोगी सरकारी हेल्पलाइन नंबर जैसे 1098, 181, 1090, 112 और 1076 की भी जानकारी महिलाओं को दी गई ताकि वे स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग तक पहुँचा सकें।
एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असामाजिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे जागरूक रहें, किसी भी तरह की घटना को अनदेखा न करें और बिना झिझक पुलिस की मदद लें। मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
