फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 दिसम्बर 2025 को एंटी रोमियो स्क्वाड थाना कोतवाली फर्रुखाबाद द्वारा मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत थाना क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाना तथा उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों, आत्मरक्षा के उपायों तथा अपराध की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है और शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
