फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 नबम्बर 2025 भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने नवाबगंज थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए आगामी 22 नवम्बर 2025 को दोपहर 10 बजे नवाबगंज थाने का घेराव करने का ऐलान किया है। यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने सभी पदाधिकारियों, तहसील अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों व ग्राम अध्यक्षों सहित सभी किसान साथियों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।
यूनियन का आरोप है कि 15 नवम्बर 2025 को यूनियन के नवाबगंज नगर महासचिव श्री संजय कुमार के खिलाफ थानाध्यक्ष द्वारा हरिजन एक्ट के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। संगठन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण है और किसान यूनियन की आवाज दबाने का प्रयास प्रतीत होती है।
जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि संगठन किसी भी प्रकार के दमनात्मक कदमों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “नवाबगंज थानाध्यक्ष की कार्यशैली भारतीय किसान यूनियन के प्रति लगातार पक्षपातपूर्ण और निंदनीय रही है। फर्जी मुकदमा दर्ज कर हमारे पदाधिकारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि जब तक दर्ज फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच नहीं होती और उत्पीड़न बंद नहीं किया जाता, तब तक यूनियन चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।
किसान यूनियन के आह्वान के बाद जिले में किसान संगठनों में तेजी से हलचल बढ़ गई है, और 22 नवम्बर को होने वाले घेराव में बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की संभावना है।
