फर्रुखाबाद:कल्याण सिंह जी की पुण्यतिथि कार्यक्रम को लेकर दिल्ली में हुई अहम बैठक, सांसद मुकेश राजपूत रहे शामिल।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2025 पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल, राम भक्त पद्मश्री स्व. कल्याण सिंह जी की पुण्यतिथि (21 अगस्त 2025) के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आज उन्नाव से लोकप्रिय सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी जी महाराज के दिल्ली स्थित आवास पर संपन्न हुई।

बैठक में पूर्व सांसद माननीय राजवीर सिंह (राजू भैया) जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री श्री संदीप सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर फर्रुखाबाद से सांसद श्री मुकेश राजपूत ने भी भाग लिया और आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 21 अगस्त को होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय और जनसंपर्क की दृष्टि से प्रभावी बनाना था। सभी नेताओं ने कल्याण सिंह जी के राष्ट्रनिर्माण, राम मंदिर आंदोलन में योगदान एवं सामाजिक समरसता के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय समन्वय, आमंत्रित गणमान्य व्यक्तियों की सूची, कार्यक्रम स्थल की तैयारी, प्रचार-प्रसार तथा जनता की सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कल्याण सिंह जी न केवल एक लोकप्रिय नेता थे, बल्कि उन्होंने अपने कार्यकाल में भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आगामी दिनों में और भी कई बैठकें प्रस्तावित हैं। बैठक में शामिल सभी नेताओं ने सामूहिक रूप से इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।