फर्रूखाबाद: निर्वाचन नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण हेतु 29–30 नवंबर को खुले रहेंगे सभी मतदान केंद्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 नवंबर 2025 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य जनपद में तेजी से संचालित किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक चल रहा है। इसी क्रम में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं तथा उन्हें एकत्र कर BLO एप के माध्यम से अपलोड करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

अवकाश के दिन भी खुलेंगे सभी विद्यालय/कालेज

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य को गति देने के लिए 29 नवम्बर (शनिवार) एवं 30 नवम्बर (रविवार) को जनपद के सभी विद्यालय/कालेज, जहां मतदान केंद्र स्थापित हैं, खुले रहेंगे। इन तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ क्षेत्र में उपस्थित रहेंगे।

विशेष हेल्प डेस्क और कैंप

नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डवार/मोहल्लावार विशेष हेल्प डेस्क एवं कैंप लगाए जाएंगे। इनमें BLO के साथ नगर निकाय कर्मचारी, सभासद, चेयरमैन सहित ब्लॉक व ग्राम स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी सूचनाओं का सत्यापन एवं नाम जोड़ने, सुधार आदि की प्रक्रिया पूरी करा सकें।

अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर गणना प्रपत्रों का अधिकतम संग्रह सुनिश्चित करेंगे। साथ ही BLO और सुपरवाइजर के कार्यों का निरंतर निरीक्षण करेंगे तथा उनकी उपस्थिति भी सुनिश्चित कराएंगे।

सभी विभागों व राजनैतिक दलों को प्रेषित हुई प्रतिलिपि

इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों सहित जिला सूचना अधिकारी को आवश्यक निर्देशों के साथ पत्र प्रेषित किया गया है।

जिला सूचना अधिकारी को प्रेस विज्ञप्ति को सभी समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशित कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि जनपद के अधिक से अधिक मतदाता इस अभियान से अवगत होकर नामावली में आवश्यक संशोधन करा सकें।