फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) इलाहाबाद हाईकोर्ट की फटकार के बाद एसपी आरती सिंह ने कायमगंज कोतवाल अनुराग मिश्रा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अवैध निरुद्धता और याचिका वापस लेने के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोपों से जुड़े एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका मामले में हुई है।
फर्रुखाबाद जिले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से फटकार लगने के बाद एसपी आरती सिंह ने तत्काल प्रभाव से कायमगंज कोतवाल अनुराग मिश्रा को निलंबित कर दिया है। मामला कायमगंज की प्रीति यादव की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका से जुड़ा है, जिसकी सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने एसपी, सीओ, कोतवाल और सिपाहियों पर गंभीर टिप्पणियां की थीं।
कोर्ट में यह आरोप सामने आया था कि याचिकाकर्ता के परिवार के दो सदस्यों को थाने में बिना किसी लिखित आदेश या उच्चाधिकारियों को सूचित किए निरुद्ध किया गया था। साथ ही उन पर याचिका वापस लेने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगा था। कोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी फतेहगढ़ आरती सिंह को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।पुलिस विभाग में मचा हड़कंपप्रयागराज से लौटने के बाद एसपी ने मामले की जांच कर प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए इंस्पेक्टर अनुराग मिश्रा को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अब भी जारी है और दोषियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
संवाददाता विनेश कुमार
