फर्रुखाबाद:गंगा तट पर सजी आस्था की नगरी माघ मेले को लेकर प्रशासन तैयार


द दस्तक 24 न्यूज़ फर्रुखाबाद, माघ माह के आगमन के साथ ही गंगा तट स्थित पंचाल घाट पर आस्था की नगरी आकार लेने लगी है एक माह तक चलने वाले माघ मेले, कल्पवास तथा साधु-संतों के प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है जनपद फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बुधवार को मेला रामनगरिया में गंगा आरती एवं अन्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया साथ ही साथ श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए गंगा किनारे की अस्थायी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके कल्पवास के लिए गंगा तट पर स्थान चिन्हित कर टीन शेड लगाए गए हैं साधु-संत और महात्मा पहले ही पंचाल घाट क्षेत्र में पहुंच चुके हैं और माघ माह भर गंगा स्नान, साधना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में संलग्न रहेंगे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठहराव, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है धार्मिक परंपराओं के अनुरूप इस वर्ष आठ अखाड़ों के लिए अलग-अलग मंडल बनाए गए हैं अखाड़ों की स्पष्ट बाउंड्री तय कर उनके भीतर ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे अनुशासन बना रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके मेला क्षेत्र में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन की ओर से 1065 शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, वहीं पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए लगभग इतनी ही संख्या में नल लगाए जा रहे हैं सार्वजनिक शौचालयों की भी अलग से व्यवस्था कर नियमित सफाई के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के मनोरंजन और सांस्कृतिक सहभागिता के लिए मेला क्षेत्र में भव्य सांस्कृतिक पांडाल तैयार किया गया है, जहां प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तथा सायं 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेला अवधि में भागवत कथा, रामकथा सहित अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ गंगा तट पर विकास प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री की भी व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है प्रशासनिक अनुमान के अनुसार प्रतिदिन करीब दो लाख श्रद्धालु गंगा स्नान एवं दर्शन के लिए पंचाल घाट पहुंच सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात, स्वास्थ्य एवं आपात सेवाओं से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि माघ माह के दौरान कल्पवासियों और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, अखाड़ों की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को समुचित ढंग से संचालित कर मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा मेला रामनगरिया में मौजूद जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी मेला सचिव मौजूद रहे