फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 नवम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एनकोर्ड व “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाए, जिससे युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैले। उन्होंने कहा कि जनपद की सीमाओं पर चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कोडीन युक्त दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए और औषधि विक्रेताओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
साथ ही जिलाधिकारी ने स्कूलों में गठित चिल्ड्रन क्लबों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि इन क्लबों के माध्यम से बच्चों को नशे के प्रति जागरूक किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग और समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने अपील की कि अभिभावक और शिक्षक भी युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
