फर्रुखाबाद:मत्स्य एवं ग्रामीण सहकारी समितियों के निर्वाचन को लेकर प्रशासन सक्रिय, जिलाधिकारी ने दी सख्त हिदायतें।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 जनपद में मत्स्य सहकारी समितियों एवं बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समितियों के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में निर्वाचन अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्णतया पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्वाचन में किसी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मतदान स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिए।

बैठक के दौरान जिला सहकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री अजय पालीवाल ने निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए सभी निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया और उन्हें निर्वाचन सामग्री भी वितरित की।

प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट कर दिया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार का हस्तक्षेप या अनुशासनहीनता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।