फर्रुखाबाद: व्यापारियों की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान हेतु अपर पुलिस अधीक्षक ने की गोष्ठी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अक्टूबर 2025 अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह द्वारा पुलिस लाइन सभागार में जनपद फतेहगढ़ के “व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ” से जुड़े व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं उनकी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।

गोष्ठी में नगर के प्रमुख व्यापारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं सुरक्षा से जुड़े सुझाव रखे, जिन पर अपर पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

डॉ. संजय सिंह ने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा बाजार क्षेत्रों में नियमित गश्त और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाया जाए।

गोष्ठी में उपस्थित व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की और भरोसा जताया कि व्यापारी वर्ग और पुलिस के बीच समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।