फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2025 थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के थाना जहानगंज में आज फरियादियों की समस्याएं सुनने हेतु अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह स्वयं पहुंचे। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. संजय सिंह ने उपस्थित पुलिसकर्मियों से कहा कि जनसुनवाई केवल एक औपचारिकता न होकर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने का माध्यम होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
थाना समाधान दिवस में क्षेत्र के कई ग्रामीण और नगरवासी पहुंचे थे, जिन्होंने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, आपसी झगड़े, धोखाधड़ी एवं अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। अधिकतर मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई। डॉ. सिंह ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को लंबित रखने या लापरवाही बरतने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। थाना समाधान दिवस का उद्देश्य है कि आम जनता की समस्याएं स्थानीय स्तर पर ही सुलझाई जा सकें। इस दौरान थाना प्रभारी जहानगंज सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस की सक्रियता और आमजन की भागीदारी देखी गई, जिससे लोगों में समाधान दिवस के प्रति सकारात्मक संदेश गया।
