(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2025 तहसील दिवस के अवसर पर जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी (सिटी) श्रीमती ऐश्वर्या उपाध्याय द्वारा तहसील सदर, फर्रूखाबाद में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को उनकी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न मामलों में नागरिकों ने भूमि विवाद, पुलिस संबंधित शिकायतें, पारिवारिक कलह तथा अन्य प्रशासनिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को न्याय मिले और उसे बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। तहसील दिवस के दौरान प्रशासन व पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान किया गया। इस पहल से जनता में विश्वास और प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश गया।
