फर्रुखाबाद: अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुज़ुर्गों संग मनाई दीपावली।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अक्टूबर 2025 दीपावली के पावन अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकार का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय रविवार को फतेहगढ़ स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बुज़ुर्ग निवासियों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुज़ुर्गों को फल, मिठाई एवं उपहार भेंट किए तथा उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, सुख-सुविधा और कुशलक्षेम की जानकारी ली। इस दौरान सभी बुज़ुर्गों ने भी पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भावुक माहौल में दीपावली की शुभकामनाएं दीं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि “समाज में हमारे बुज़ुर्ग ही संस्कारों और अनुभवों के आधार स्तंभ हैं। दीपावली जैसे पवित्र पर्व पर उनके साथ समय बिताना सबसे बड़ा सौभाग्य है।”

वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने कहा कि “पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता भी हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।” इस अवसर पर वृद्धाश्रम में दीप प्रज्वलन किया गया और वातावरण भक्ति गीतों एवं मुस्कानों से गूंज उठा। पुलिस अधिकारियों के इस कदम ने सामाजिक समरसता और मानवीयता का सुंदर संदेश दिया।