फर्रुखाबाद: कोरीखेड़ा में भूमि विवाद को लेकर कार्रवाई ठप, टीम गठन के बावजूद प्रशासन मौन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 ब्लॉक कमालगंज के अंतर्गत ग्राम सभा कोरीखेड़ा में चल रहे भूमि बंटवारे के विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार गांव के निवासी श्री गोविंद जी और उनके सहखातेदारों के बीच भूमि के बंटवारे को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। न्यायालय के आदेश पर मौके पर लेखपाल और कानूनगो द्वारा नापजोख कर सीमांकन करते हुए हदबंदी के पिलर गाड़े गए थे, लेकिन बताया जा रहा है कि विवाद के दूसरे पक्ष द्वारा उन पिलरों को उखाड़ फेंका गया।

इस गंभीर प्रकरण में श्री गोविंद जी ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद तहसीलदार सदर फर्रुखाबाद द्वारा जांच के लिए एक टीम गठित की गई थी। हालांकि, सूत्रों के अनुसार टीम के गठन के बावजूद अब तक मौके पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़ित पक्ष में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

इस मामले में पवन जोशी ब्लॉक अध्यक्ष कमालगंज से आग्रह किया गया है कि वे कोरीखेड़ा पहुंचकर श्री गोविंद जी से मुलाकात करें, पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त करें और यदि आवश्यक हो तो तहसील फर्रुखाबाद का घेराव कर प्रशासन को जवाबदेह बनाएं।

भाकियू के जिला अध्यक्ष अजय कटियार को भी प्रकरण से अवगत कराने की मांग की गई है, ताकि किसान हित में उचित कदम उठाए जा सकें और भूमि विवादों में प्रशासनिक लापरवाही पर रोक लग सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो किसान संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।