फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2025 कमालगंज क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने कायमगंज के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। युवती का कहना है कि युवक ने उससे विवाह का वादा कर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इनकार कर किसी और से विवाह करने जा रहा है।
पीड़िता बबली (परिवर्तित नाम) पुत्री श्री वीरेंद्र, निवासी लोहिया नगर, थाना कमालगंज, ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी रिश्तेदारी में नवीन नामक युवक, पुत्र बेचेलाल, निवासी नरसिंहंगपुर, कायमगंज से बीते लगभग पांच वर्षों से सम्पर्क में था। युवक ने उसे भरोसे में लेकर विवाह का झांसा दिया और संबंध बनाए।
बबली (परिवर्तित नाम) का आरोप है कि हाल ही में उसे जानकारी हुई कि नवीन की शादी कहीं और तय हो गई है। जब उसने नवीन से इस बारे में पूछताछ की तो वह बहाना बनाता रहा और बाद में सम्पर्क तोड़ लिया। युवक ने न केवल शादी से इनकार किया, बल्कि उसे भविष्य में कोई संपर्क न करने की भी धमकी दी।
पीड़िता ने कहा कि नवीन द्वारा किए गए वादों को तोड़ते हुए वह अब दूसरी शादी कर रहा है, जो पूर्णतया धोखाधड़ी है। उसने मांग की है कि नवीन के खिलाफ धोखा देने, भावनात्मक और मानसिक उत्पीड़न करने, तथा विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़िता ने एसपी से अनुरोध किया है कि उसकी शिकायत दर्ज की जाए और उचित न्याय दिलाया जाए ताकि भविष्य में किसी और बेटी के साथ ऐसा अन्याय न हो।
प्रशासन से अपील:
युवती के प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेकर पुलिस विभाग को निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि समाज में विश्वास बहाल हो और महिलाओं की गरिमा की रक्षा हो सके।
