फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 दिसंबर 2025 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने सदर तहसील क्षेत्र के लेखपाल संजीव दुबे पर अपने कार्य में गंभीर शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल क्षेत्र से हटाकर कार्यालय से संबद्ध करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी महोदय के नाम एक मांग पत्र तहसीलदार सदर फर्रुखाबाद को सौंपा।
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा होमगार्ड भर्ती के लिए जारी विज्ञापन के तहत पूरे प्रदेश से युवाओं ने आवेदन किया, लेकिन फर्रुखाबाद सदर तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल संजीव दुबे द्वारा अपने क्षेत्र के अधिकांश युवाओं के जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों की रिपोर्ट समय से नहीं लगाई गई। इसके चलते रामपुर ढपरपुर, अमीलपुर, भोपातनगला सहित कई गांवों के सैकड़ों युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके और सरकारी अवसर से वंचित रह गए।
उन्होंने कहा कि यह लापरवाही युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाकियू टिकैत ने मांग की है कि दोषी लेखपाल के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही किसानों की एक अन्य गंभीर समस्या को उठाते हुए जिला अध्यक्ष ने नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद द्वारा शहर के गंदे नाले का पानी खेतों में छोड़े जाने से हो रहे नुकसान का मुद्दा भी सामने रखा। किसानों की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद ने स्थलीय निरीक्षण किया और नाले की सफाई के दौरान निकली सिल्ट को हटाने तथा नाले को पक्का कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला महासचिव अभय यादव, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला सलाहकार समिति अध्यक्ष विजय शाक्य, सदर तहसील उपाध्यक्ष कमलेश शाक्य, अनुज राजपूत, तहसील महासचिव सदर रजत गंगवार, बढ़पुर ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम शाक्य, रामपुर ढपरपुर प्रधान निरोत्तम राजपूत, भोपतनगला प्रधान, अमीलपुर प्रधान श्याम शाक्य, आशीष शाक्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
