फर्रुखाबाद:( द दस्तक 24 न्यूज़) 23 नवम्बर 2025 अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के बीच कथित फोन वार्ता विवाद ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया। एबीवीपी के संगठन मंत्री संजय सिंह राणा ने आरोप लगाया कि फोन बातचीत के दौरान विधायक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनसे गाली-गलौज की। इस आरोप के बाद से संगठन में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रविवार को एबीवीपी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में चौक चौराहे पर एकत्र हुए और सदर विधायक का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुतला दहन शहर कोतवाल राजीव पांडेय की मौजूदगी में हुआ, जिस पर एबीवीपी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे गंभीर मुद्दा बताया।
संगठन मंत्री संजय सिंह राणा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी लिखित में माफी नहीं मांगते, तो एबीवीपी पूरे जिले में उनके खिलाफ “शव यात्रा” निकालकर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन किसी भी जनप्रतिनिधि की अभद्रता बर्दाश्त नहीं करेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रांशु सक्सेना, शिवम कुशवाहा, अनिल प्रताप, यश दुबे, दीपक कुमार, उत्कर्ष, उत्कर्ष शुक्ला, अभिषेक सक्सेना सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे और विधायक के खिलाफ नारे लगाए। उधर, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है, और वह इसकी जानकारी करवाएंगे। घटना के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और अब सबकी नजरें आने वाले 24 घंटे और विधायक की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।
