फर्रुखाबाद:उधार दिए रुपये वापस मांगने पर युवक के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 30 जुलाई 2025 जनपद में उधार दिए गए रुपये की मांग करना एक युवक को भारी पड़ गया। पीड़ित मुकेश चन्द्र पुत्र जगदीश निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कादरीगेट ने थाना कोतवाली फर्रुखाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि विकास उर्फ भट्टा पुत्र राकेश बाथम निवासी पक्कापुल, दिल्ली ख्याली कूंचा ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश चन्द्र ने 27 जनवरी 2024 को विकास को व्यापार हेतु 25,000 रुपये उधार दिए थे। इसके बाद 6 मार्च 2024 को उसने अपने मित्रों सतीश उर्फ किल्ला व रजत उर्फ राजा की मौजूदगी में 20,000 रुपये और दिए। कुल 45,000 रुपये की यह रकम विकास को छह माह में लौटानी थी, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी जब पीड़ित ने पैसे की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा।

पीड़ित के अनुसार, 26 जुलाई 2025 को जब वह पैसे की मांग लेकर आरोपी के घर गया तो उसे गालियां देकर भगा दिया गया। इसके बाद 30 जुलाई की रात 2 बजे आरोपी ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी, जिसकी रिकॉर्डिंग पीड़ित के पास मौजूद है। सुबह लगभग 8 बजे विकास अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और गालीगलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। पीड़ित की पत्नी व मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मुकेश को बचाया। घटना की सूचना तत्काल थाना कादरीगेट को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने और उधार की राशि दिलवाने की मांग की है।