फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 दिसंबर 2025 तहसील अमृतपुर क्षेत्र की ग्रामसभा नगला हूसा, विकास खंड राजेपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
ग्राम चौपाल के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों को मतदाता बनने के लिए फॉर्म-06 भरने हेतु प्रेरित किया। साथ ही बूथ स्तर पर मृतक एवं अनुपस्थित मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाई गई, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध व अद्यतन बनाने में सहयोग मिल सके।
चौपाल में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, तहसीलदार अमृतपुर, खंड विकास अधिकारी राजेपुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
ग्राम चौपाल के आयोजन से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा और योजनाओं व मतदाता जागरूकता को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
