फर्रुखाबाद:घोड़ा नखास चौकी में राखी के पर्व पर दिखा भाई-बहन का अनोखा संगम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अगस्त 2025 रक्षाबंधन के पावन पर्व पर घोड़ा नखास पुलिस चौकी का माहौल भावनाओं और खुशियों से भर उठा। उपनिरीक्षक इमरान फरीदी ने अपनी चौकी में राखी का त्योहार बड़े स्नेह और उत्साह के साथ मनाया, जिसकी झलक देखकर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी उनकी सराहना की।

सुबह से ही चौकी परिसर में बड़ी संख्या में मासूम बच्चियां और बहनें पहुंचीं और उपनिरीक्षक इमरान फरीदी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षा का वचन लिया। बहनों ने अपने भाइयों के रूप में पुलिसकर्मियों को न सिर्फ राखी बांधी, बल्कि उनके सुरक्षित और स्वस्थ रहने की दुआ भी की।

इस मौके पर उपनिरीक्षक इमरान फरीदी ने सभी बहनों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा, “पुलिस हमेशा नागरिकों की सुरक्षा और सेवा में तत्पर है। बहनों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है और हम इसे निभाने के लिए हर समय तैयार हैं।”

राखी बांधने के इस अनोखे नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों ने पुलिस और आम जनता के बीच इस आत्मीय रिश्ते की जमकर प्रशंसा की।

इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अपनापन ही समाज की असली ताकत है।