फर्रुखाबाद:वीर बाल दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 सिक्ख धर्म के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर साहिबजादों श्री जोरावर सिंह जी एवं श्री फतेह सिंह जी की शहादत की स्मृति में 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने वीर साहिबजादों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अनिल चंद्र द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत कर किया गया।

इस अवसर पर सांसद श्री मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर सपूतों ने अल्पायु में ही धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण को अस्वीकार कर दिया गया यह सर्वोच्च त्याग आज की पीढ़ी के लिए राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की महान प्रेरणा है। ऐसे असंख्य वीरों, माताओं, बहनों और बुजुर्गों के बलिदान से ही भारत राष्ट्र सशक्त बना है।

जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने साहिबजादों के चमकौर युद्ध और उनके अद्वितीय साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और धर्म के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि वीर साहिबजादों का यह बलिदान सदैव देशवासियों के हृदय में स्मरणीय रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया।

वीर बाल दिवस के अवसर पर कक्षा 8 की छात्रा मानसी एवं मन्नत सिंह, तथा कक्षा 12 की छात्राएं आज्ञा मैविश, निहारिका दीक्षित, तान्या, स्नेहा गंगवार एवं किरण दुबे ने भावपूर्ण भाषण एवं गीत प्रस्तुत कर वीर साहिबजादों को नमन किया।

वीर बाल दिवस सप्ताह के अंतर्गत माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र-छात्राओं, खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा ताइक्वांडो में गोल्ड एवं सिल्वर पदक प्राप्त करने वाली बेटियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन संरक्षण अधिकारी श्री सचिन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक श्री कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री नरेन्द्र पाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुनील कुमार श्रीवास्तव सहित जिला प्रोबेशन कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।