फर्रुखाबाद:वीर बाल दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 दिन शुक्रवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने उपस्थित जनों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सिख धर्म, सिख इतिहास और गुरु साहिबानों की अद्वितीय कुर्बानियों को न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में सम्मान और गौरव दिलाने के लिए ऐतिहासिक पहल की है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्ण अध्याय है, जिसने राष्ट्र और धर्म के लिए सर्वोच्च त्याग का अर्थ सिखाया। साहिबजादे जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह का साहस, शौर्य और आत्मबलिदान आज की युवा पीढ़ी के लिए राष्ट्रभक्ति की अमिट प्रेरणा है। वीर बाल दिवस हमें राष्ट्र प्रेम, धर्म रक्षा और आत्मसम्मान की सीख देता है।

भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि देश में लंबे समय तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारें रहीं, लेकिन वीर शहीदों को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिलाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान साहिबजादों के बलिदान की जानकारी वर्षों तक उपेक्षित रही, जबकि भाजपा सरकार ने उनकी शहादत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की पहल की, ताकि आज की युवा पीढ़ी उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सके।

भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वीर बाल दिवस का आयोजन देशभर में किया जा रहा है। संगठन के माध्यम से इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की शहादत की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुगल आक्रांताओं द्वारा इस्लाम स्वीकार करने की धमकियों को ठुकराकर साहिबजादों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर भारत की संस्कृति और अस्मिता को जीवंत रखा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अभिषेक बाथम ने किया। इस अवसर पर ज्ञानी मंगल सिंह एवं सरदार हरविंदर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम संयोजक तोषित प्रीत सिंह रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।