फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अक्टूबर 2025 जिले में दबंगई का एक नया मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्रकार को सरेराह धमकी दी गई। घटना 8 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय पत्रकार राहुल कठेरिया किसी काम से जा रहे थे, तभी दबंग प्रदीप उर्फ नग्गा पुत्र स्वर्गीय जगदीश कठेरिया निवासी रामलीला गड्ढा ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा।
जब राहुल कठेरिया ने इसका विरोध किया तो दबंग प्रदीप ने उन्हें गोली मारने की धमकी दे डाली। भयभीत पत्रकार ने तत्काल 1076 और 112 पर सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी प्रदीप उर्फ नग्गा से पूछताछ की, लेकिन वह खामोश खड़ा रहा। पत्रकार राहुल कठेरिया ने 112 पुलिस से कहा कि आरोपी से पूछा जाए कि आखिर उसने किस बात पर गाली-गलौज और धमकी दी, किंतु दबंग ने कोई जवाब नहीं दिया।
112 पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पत्रकार को थाने जाकर तहरीर देने की सलाह दी। इसके बाद राहुल कठेरिया ने मौके पर मौजूद सीओ साहब को लिखित तहरीर सौंपी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रदीप उर्फ नग्गा पहले भी विवादित गतिविधियों में लिप्त रहा है। कुछ महीने पहले उसने एक महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज की थी। महिला की शिकायत पर उसने माफी मांगकर मामला शांत कराया था, लेकिन उसकी दबंगई अब भी जारी है।
पत्रकार समुदाय ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि यदि भविष्य में राहुल कठेरिया के साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदीप उर्फ नग्गा की होगी। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति दिनभर रोडवेज बस स्टैंड पर बैठा रहता है और लोगों से झूठी मुखबरी व दलाली का काम करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दबंग तत्वों पर शीघ्र सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
