फर्रुखाबाद: भाकियू टिकैत जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में विशाल धरना प्रदर्शन आज, फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट पर देंगे ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अक्टूबर 2025 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को किसानों का एक विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह धरना सुबह 10:30 बजे फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट पर होगा।

धरना प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य दि किसान सहकारी चीनी मिल्स कायमगंज के अंतर्गत आने वाले रोशनाबाद और फैजबाग सेंटरों को रूपापुर प्राइवेट शुगर यूनिट को दिए जाने के विरोध में है। किसानों का कहना है कि यदि यह सेंटर प्राइवेट यूनिट को दिए गए तो आने वाले वर्षों में कायमगंज चीनी मिल बंद होने की कगार पर पहुंच जाएगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान होगा।

भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने जिले के सभी पदाधिकारियों, तहसील अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों और ग्राम पंचायत अध्यक्षों से अपील की है कि वे भारी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसानों की आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि “रोशनाबाद और फैजबाग सेंटर किसानों के हैं, इन्हें किसी भी कीमत पर प्राइवेट यूनिट को नहीं दिया जाएगा।”

इसके साथ ही, आज के कार्यक्रम में लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती भी मनाई जाएगी। इस अवसर पर किसान संगठन के पदाधिकारी एकता, न्याय और किसान हित के संकल्प को दोहराएंगे।

किसान यूनियन का कहना है कि यदि सरकार किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं देती, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।