फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अक्टूबर 2025 भारत सरकार ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘फार्मर रजिस्ट्री’ (Farmer Registry) की शुरुआत की है। इस योजना के तहत प्रत्येक किसान को एक विशिष्ट किसान पहचान संख्या (Farmer ID) दी जाएगी, जिससे किसान की पहचान और उससे जुड़ी सभी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहेगी।
फार्मर आईडी बनने के बाद किसानों को बार-बार ई-केवाईसी (e-KYC) कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके साथ ही किसान डिजिटल के.सी.सी. (Kisan Credit Card) के माध्यम से 2 लाख रुपये तक का त्वरित लोन प्राप्त कर सकेंगे। इतना ही नहीं, कृषि विभाग की अन्य योजनाओं के अनुदान प्राप्त करने में भी यह आईडी अनिवार्य होगी।
किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के लिए जरूरी
जिन किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है, उनके लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना अब अनिवार्य कर दिया गया है। यदि किसी किसान की आईडी नहीं बनी है, तो उन्हें अगली किस्त का भुगतान नहीं मिल सकेगा।
फर्रुखाबाद जनपद में इस योजना के अंतर्गत कुल 2,50,169 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक केवल 1,42,121 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जा चुकी है। अभी भी 1,08,048 किसानों की आईडी बनना बाकी है। ऐसे में इन किसानों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी आईडी बनवाएं ताकि उन्हें योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे।
फार्मर आईडी से मिलने वाले फायदे
फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने के बाद किसानों को निम्न सुविधाएं प्राप्त होंगी —फसल खरीद पंजीकरण (धान, गेहूं आदि) में आसानी, फसल बीमा योजना का लाभ लेने में सरलता, आपदा राहत व मुआवजा प्राप्त करने में त्वरित सुविधा, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन में पारदर्शिता
फार्मर आईडी बनवाने के तीन आसान तरीके
1. स्वयं के मोबाइल से ऑनलाइन आवेदन करें, 2. नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) पर जाएं, 3. विभिन्न विभागों के कार्मिकों द्वारा सहायक ऐप के माध्यम से फार्मर आईडी बनाने के लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और जमीन का दस्तावेज साथ रखना आवश्यक है।
प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाएं, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर और बिना किसी बाधा के मिलता रहे।
📢 अपील:
फर्रुखाबाद जिले के सभी किसानों से अनुरोध है कि वे अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी फार्मर आईडी जल्द से जल्द बनवाएं और सरकार की सभी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त करें।
