फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2025 शहर में शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका की लापरवाही को उजागर कर दिया। टाउन हॉल गांधी पार्क के पीछे की ओर स्थित नगर पालिका की सुरक्षा बाउंड्री दीवार मिट्टी के कटाव के चलते अचानक ढह गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से पहाड़ी क्षेत्र में बने कई कच्चे मकान और झोपड़ियों को नुकसान पहुँचा है। इन झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवार पन्नी और तिरपाल तान कर जीवन यापन कर रहे थे। दीवार गिरने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सबसे ज्यादा प्रभावित परिवार:
रीना पत्नी राकेश, जो टाउन हॉल के पास कांशीराम कॉलोनी के निकट पहाड़ी क्षेत्र में एक कच्चे मकान में रह रही थीं, उनका मकान दीवार गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि अगर घटना रात के समय न होकर दिन में होती, तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों का आक्रोश:
स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बारिश से पहले कई बार दीवार की जर्जर स्थिति की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मांग उठी:
स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय व्यवस्था की जाए और नगर पालिका दीवार की फिर से मजबूत निर्माण कराए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
