फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 दिसंबर 2025 को श्री बाबू सिंह जय सिंह आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल, फर्रुखाबाद में वार्षिक परिजात सांस्कृतिक उत्सव के अवसर पर एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे प्रख्यात कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवि विशाल समर्पित एवं जे०एस० ग्रुप के चेयरमेन डॉ० शैलेन्द्र सिंह, कॉलेज की चेयरपर्सन डॉ० सुनीता यादव, प्राचार्य मंजूनाथा एन०एस०, डॉ० सुरेन्द्र कुमार विश्वाल, डॉ० वन्दना पटेल एवं डॉ० शिवम चौबे द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
भव्य कवि सम्मेलन में हास्य, वीर एवं श्रृंगार रस की त्रिवेणी प्रवाहित हुई। मंच से कवि विशाल समर्पित, ज्ञान प्रकाश आकुल, अंकित काव्यांश, लोकेश त्रिपाठी, सर्वेश त्रिपाठी, करतल किशोर, प्रियाशु वात्सल्य, सात्विक नीलदीप, अजीत शुक्ल एवं नीरज पाण्डेय ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब हँसाया और भावविभोर किया। कवि ज्ञान प्रकाश आकुल की ओजस्वी वाणी ने छात्र-छात्राओं में देशभक्ति का जोश भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के उभरते छात्र-कवियों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। पूरे आयोजन के दौरान प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। अंत में प्रबंधन एवं प्राचार्य द्वारा सभी कवियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन कॉलेज की चेयरपर्सन डॉ० सुनीता यादव द्वारा किया गया।
