फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ठण्डी सड़क में आज दीक्षान्त समारोह का आयोजन बड़ी ही गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रतिनिधि मनोज मिश्रा द्वारा किया गया। नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने बुके भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक दीक्षान्त समारोह का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संबोधन सभी प्रशिक्षार्थियों और कर्मचारियों ने बड़े ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री मनोज मिश्रा ने तीनों औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों—राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फर्रुखाबाद, अमृतपुर और कायमगंज—के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
फर्रुखाबाद के 36, अमृतपुर के 26 एवं कायमगंज के 24 प्रशिक्षार्थियों को उनके-उनके व्यवसाय में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। समारोह में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फर्रुखाबाद के नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह, आईटीआई कायमगंज के प्रधानाचार्य राज किशोर, आईटीआई अमृतपुर के प्रधानाचार्य अरूण कुमार, कार्यदेशक बृजेश कुमार, सुनील कुमार, इखलाख सिद्दीकी, चन्द्र मोहन सिंह रावत, प्रमोद कुमार सहित तीनों संस्थानों का समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के प्रशिक्षकों ने अत्यंत सुसंगठित रूप से किया और समारोह का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। दीक्षान्त समारोह सफलता और अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करता हुआ प्रेरणादायी रूप से सम्पन्न हुआ।
