फर्रुखाबाद: शराब के नशे में नाले में गिरा अधेड़, क्षेत्र में मचा हड़कंप—रातभर चला रेस्क्यू अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 नवंबर 2025 थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गल्ला मंडी पुलिया के पास बुधवार शाम एक अधेड़ व्यक्ति के नाले में गिरने की आशंका से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शेर सिंह (55 वर्ष), पुत्र मथुरा प्रसाद, निवासी मोहल्ला हाता घनघोर खा के रूप में हुई है।

नशे की हालत में नाले में गिरने का शक

घटना शाम करीब 6:00 बजे की बताई जा रही है। पास लगे सीसीटीवी कैमरे में शेर सिंह शाम को जाते हुए दिखाई दिए, लेकिन लौटते हुए नजर नहीं आए। इस पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ कि वे नाले में गिर गए होंगे।

भीड़ जमा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। किसी ने यह खबर शेर सिंह की पत्नी मीरा (50 वर्ष) को दी, जिसके बाद वह आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचीं। पति के गायब होने की खबर पर पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आक्रोश में सड़क जाम करने का भी प्रयास किया।

पुलिस और नगरपालिका की टीम मौके पर

बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार तथा थाना मऊदरवाजा प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और तलाश अभियान शुरू करवाया।

पुलिस व नगरपालिका की टीम ने लगभग शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक लगातार खोज अभियान चलाया।

रात 1:30 बजे मिला शव

लगभग रात 1:30 बजे शेर सिंह का शव बरामद कर फतेहगढ़ पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।

परिवार में पसरा मातम

शेर सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मीरा, बेटा दीपू राजपूत (30 वर्ष) और बेटी आरती हैं। उनका बड़ा पुत्र बबलू (35 वर्ष) पहले ही निधन हो चुका है। मृतक के भतीजे ने ही सबसे पहले लापता होने की जानकारी दी।

घटना से क्षेत्र में गम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।