फर्रुखाबाद:बैंक में अधेड़ के झोले से शातिर युवती ने एक लाख रुपये उड़ाए, CCTV में कैद हुई आरोपी

(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2025 जनपद के कायमगंज नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक शातिर युवती ने अधेड़ व्यक्ति के झोले में धारदार हथियार से कट मारकर उसमें रखे एक लाख रुपये पार कर दिए और मौके से फरार हो गई। यह वारदात बैंक के अंदर दिनदहाड़े अंजाम दी गई, जिसकी पुष्टि CCTV फुटेज से हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कटरा रहमत खां निवासी अंसार खां पुत्र मदार खां दिनांक 14 जुलाई को करीब सुबह 11 बजे बैंक ऑफ इंडिया, कायमगंज शाखा पहुंचे थे। उन्होंने बैंक से 1,00,000 रुपये निकाले और रुपये को अपने झोले में रखकर पासबुक चढ़वाने काउंटर पर खड़े हो गए। इसी दौरान उनके पास खड़ी एक युवती ने झोले में धारदार वस्तु से कट मारकर रुपये निकाल लिए और बड़ी सफाई से भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान बैंक परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध युवती की तस्वीरें साफ दिखाई दीं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही युवती की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि वे बैंक में लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और अपने कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें।