फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 दिसंबर 2025 विकास खण्ड बढ़पुर के प्राथमिक विद्यालय नगला जैतपुर के पास बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। विद्यालय परिसर के निकट खड़ा बिजली का खंभा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त/टूटा हुआ है, जो कभी भी गिर सकता है। इस स्थिति में विद्यालय में पढ़ने वाले नन्हे बच्चों की जान पर हर समय बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त बिजली का खंभा काफी समय से जर्जर अवस्था में है, लेकिन इसके बावजूद न तो बिजली विभाग द्वारा कोई कार्रवाई की गई और न ही इसे बदलने या ठीक कराने की व्यवस्था की गई। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या से बिजली विभाग ही नहीं, बल्कि विद्यालय के अध्यापक भी पूरी तरह बेखबर नजर आ रहे हैं।
विद्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। छुट्टी के समय बच्चों की आवाजाही इसी खंभे के आसपास रहती है। यदि किसी भी समय खंभा गिर गया या उसमें करंट आ गया, तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता। यह लापरवाही किसी मासूम की जान भी ले सकती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर टूटे हुए खंभे को हटवाए और नया खंभा लगवाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही विद्यालय प्रशासन को भी इस प्रकार की समस्याओं के प्रति सतर्क रहना चाहिए और संबंधित विभाग को समय रहते अवगत कराना चाहिए। अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हैं, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।
