फर्रुखाबाद:सपा कार्यालय में नववर्ष 2026 पर लगा राजनीतिक संदेश वाला बैनर, मिशन 2027 का संकल्प

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 दिसंबर 2025 समाजवादी पार्टी कार्यालय फर्रुखाबाद में नववर्ष 2026 के अवसर पर सपा जिला सचिव नन्दकिशोर दुवे ‘वन्देमातरम’ की ओर से एक राजनीतिक संदेश से युक्त बैनर लगाया गया। बैनर में लिखा गया है कि “PDA का साथ व ब्राह्मणों का आशीर्वाद लेकर 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।”

इस अवसर पर नन्दकिशोर दुवे वन्देमातरम ने देश, प्रदेश एवं जनपदवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नववर्ष संकल्प लेने का समय होता है और उनका संकल्प है कि मिशन 2027 के तहत उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 300 सीटें जिताने के लिए पूरी ताकत से कार्य किया जाएगा।

बैनर के माध्यम से उन्होंने भाजपा पर परोक्ष हमला करते हुए देश और प्रदेश में ब्राह्मण समाज के कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाया और भाजपा को घेरने का प्रयास किया। साथ ही बैनर में जिला पंचायत सदस्य चुनाव लड़ने का भी उल्लेख किया गया है, जिससे उनके राजनीतिक इरादों का संकेत मिलता है।

नन्दकिशोर दुवे वन्देमातरम ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनपद और प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाजवादी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ऐसी मानसिकता के साथ आगे बढ़ें, जिससे ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी से जुड़ें और 2027 में सपा की सरकार बने।

गौरतलब है कि नन्दकिशोर दुवे वन्देमातरम फर्रुखाबाद के तेज-तर्रार सपा जिला सचिव के रूप में जाने जाते हैं और वे लगातार भाजपा की नीतियों के खिलाफ मुखर रहते हैं। नववर्ष 2026 के शुभारंभ पर लगाए गए इस बैनर को राजनीतिक संदेश और आगामी चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।