फर्रूखाबाद: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 77 शिकायतें प्राप्त, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 57, पुलिस विभाग की 08, विकास विभाग की 03, विद्युत विभाग की 05, तथा अन्य विभागों की 04 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से राजस्व विभाग की 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ, उप जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।