फर्रुखाबाद:नो हेलमेट–नो पेट्रोल अभियान के तहत 53 वाहनों के चालान, 1.45 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 दिसंबर 2025 सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे नो हेलमेट–नो पेट्रोल अभियान के अंतर्गत बुधवार को परिवहन एवं यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा एवं यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में नगर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल लेने आने वाले दोपहिया वाहनों की जांच की गई।

चेकिंग के दौरान गंगा फिलिंग स्टेशन पर सही आकार का नो हेलमेट–नो पेट्रोल बोर्ड लगा पाया गया तथा वहां कोई भी दोपहिया वाहन बिना हेलमेट पेट्रोल लेते नहीं मिला। वहीं रामशरण अग्रवाल फिलिंग स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान नो हेलमेट–नो पेट्रोल का बोर्ड नहीं पाया गया। इसके बाद कोशली इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर औचक निरीक्षण किया गया, जहां बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पेट्रोल लेते पाए गए।

आज की कार्रवाई में पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा पेट्रोल पंपों पर कुल 53 वाहनों के चालान किए गए, जिन पर कुल ₹1,45,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग 730-सी पर वाहनों में लगे रिफ्लेक्टिव टेप की जांच की गई, जिसमें 35 वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवाए गए।

कार्रवाई के दौरान बकाया टैक्स में संचालित एक ओवरलोड ट्रक को भी पकड़ा गया, जिससे ₹30,000 जुर्माना एवं ₹10,000 टैक्स वसूला गया। वहीं एक अन्य ट्रक पर रिफ्लेक्टिव टेप न होने के कारण ₹15,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त एक दोपहिया वाहन सवार को मदिरा सेवन कर बिना हेलमेट पेट्रोल लेते हुए भी पकड़ा गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।