फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अक्टूबर 2025 थाना कम्पिल क्षेत्र में गुरुवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, थाना कम्पिल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सिरसा निवासी रोहित उर्फ कीड़ा पुत्र जैनेंद्र उर्फ जैना की घेराबंदी की थी। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया।
सीओ कायमगंज राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कम्पिल में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। फिलहाल पुलिस ने घायल इनामी बदमाश को अस्पताल में भर्ती कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
