फर्रुखाबाद:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण, सांसद मुकेश राजपूत ने पत्रकार वार्ता में गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जून 2025 भारतीय जनता पार्टी के आवास विकास स्थित जिला मुख्यालय पर आज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने देशभर में हुए विकास कार्यों और ऐतिहासिक निर्णयों को लेकर मीडिया को संबोधित किया।

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने केंद्र में सत्ता संभाली, उस समय देश भ्रष्टाचार, आतंकवाद, अव्यवस्था और अविकास जैसी समस्याओं से घिरा हुआ था। लेकिन पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला और दलित वर्ग के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है 2047 तक एक विकसित भारत का निर्माण करना, जिसके लिए लगातार योजनाएं बनाकर उन्हें जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने धारा 370 की समाप्ति, भव्य राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर रोक, आर्टिकल 35A का खात्मा जैसे बड़े और ऐतिहासिक निर्णयों को भारत की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सांसद ने बताया कि पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन, महिलाओं को 33% आरक्षण, गांवों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल योजना, मुफ्त अनाज योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए चलाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 के पहले देश में आए दिन आतंकवादी घटनाएं होती थीं, लेकिन अब कश्मीर सहित पूरे देश में आतंकवाद लगभग समाप्त हो गया है। जब भी कोई आतंकी गतिविधि होती है, भारतीय सेना उसका मुँहतोड़ जवाब देती है। उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की नीति के कारण आज पाकिस्तान जैसे आतंक समर्थक देशों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि भारत अब किसी भी सूरत में आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा।”

सांसद ने अर्थव्यवस्था की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब जापान को पछाड़ते हुए दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, केवल धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने का कार्य किया जा रहा है। बावजूद इसके, जनता ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताकर विपक्ष को जवाब दिया है।

इस पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, डी.एस. राठौर, सुनील रावत, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट—धर्मवीर सिंह संवाददाता फर्रूखाबाद [द दस्तक 24 न्यूज़]