(द दस्तक 24 न्यूज़) , 17 जुलाई 2025 कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में बुधवार को फूड प्वाइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई, जिसमें एक 10 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चों की हालत गंभीर है।गांव निवासी राम सिंह जाटव की पुत्री सुनीता, जो गांव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 4 की छात्रा थी, की हालत घर पर खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, बच्चों ने सुबह पराठे खाए थे। इसके कुछ ही देर बाद सभी बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना प्रशासन को दी। मौके पर तहसीलदार विक्रम सिंह, सीओ, एसडीएम रविंद्र सिंह और पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच-पड़ताल शुरू की। सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।प्रशासन द्वारा नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। गांव में इस घटना से मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
फर्रुखाबाद:फूड प्वाइजनिंग से 10 वर्षीय छात्रा की मौत, चार अन्य बच्चे अस्पताल में भर्ती।
