फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2025 जिले में अधूरे पड़े निर्माण और विकास कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी जताई है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अभी तक पूर्ण नहीं हुई हैं, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों को फटकार लगाते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जसमई से पुठरी तक मार्ग निर्माण में लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि कोठी बाजार चौराहे से शुरू होकर जाने वाला मार्ग अधूरा पड़ा है, जिसे वर्षा के बाद तत्काल पूरा कराया जाए। इसी तरह अटैनाघाट–कपिल–कायमगंज–संकिसा–मोहम्मदाबाद मार्ग को भी 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समयसीमा में कार्य पूर्ण न करने पर PWD अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सिंचाई विभाग को आवासीय परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पूर्व आवासों को पुलिस को हस्तगत करने के आदेश भी जारी हुए।
नगर पंचायत खिमसेपुर का कार्यालय तैयार हो चुका है, जिसे तुरंत हस्तगत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा शमसाबाद में चल रही सीवेज परियोजना की धीमी गति पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने को कहा। UPRNSS द्वारा केंद्रीय कारागार में मल्टी पर्पस हाल का निर्माण और जिला कारागार में आवास निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत CHC कायमगंज में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के अधूरे कार्य को तत्काल पूर्ण कर हस्तगत करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह नलकूप निर्माण परियोजनाओं और पॉलिटेक्निक कालेज से संबंधित मार्ग निर्माण को भी शीघ्र पूरा कराने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधूरे प्रोजेक्ट समयसीमा में पूरे न होने पर जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
