फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, डीआरडीए, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायतीराज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, तथा राजेपुर, कायमगंज, मोहम्मदाबाद, बढ़पुर, कमालगंज, नवाबगंज, शमसाबाद एवं नगर क्षेत्र फर्रुखाबाद के खण्ड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, एडीओ पंचायत एवं जिला समन्वयक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा विभिन्न विभागीय बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए—
1. ऑपरेशन कायाकल्प
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत कार्य कराए जाने हैं, वहां 03 दिवस के भीतर प्रेषित धनराशि से कराए गए कार्यों की स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही नगर क्षेत्र फर्रुखाबाद के समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन विद्यालयों में बाउंड्री वॉल नहीं है, वहां नियमानुसार कार्य सुनिश्चित कराया जाए।
2. जिला एवं विकास खण्ड स्तरीय टास्क फोर्स निरीक्षण
जिला एवं विकास खण्ड स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा विद्यालयों के भ्रमण को लेकर निर्देश दिए गए कि 02 दिवस के भीतर शत-प्रतिशत निरीक्षण पूर्ण किया जाए।
3. पीएम श्री विद्यालय
जिन पीएम श्री विद्यालयों में धनराशि भेजी गई है, वहां कराए गए कार्यों एवं उनकी प्रगति प्रतिशत की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
4. कम्पोजिट ग्रांट
समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कम्पोजिट ग्रांट की जांच कर जांच आख्या समय से प्रस्तुत की जाए।
5. हाईटेंशन लाइन
सभी ब्लॉकों में विद्यालयों के समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की वास्तविक स्थिति का डाटा एकत्र कर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
6. गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय
जिन विकास खण्डों में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित पाए जाएं, उन्हें तत्काल बंद कराते हुए नियमानुसार जुर्माना लगाए जाने के निर्देश दिए गए।
7. अपार आईडी (APAAR ID)
जिलाधिकारी ने अपार आईडी का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही निजी विद्यालयों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित करने तथा समय से कार्य पूर्ण न करने वाले निजी विद्यालयों को मान्यता समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
8. केजीबीवी (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय)
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच कराने एवं कार्यदायी संस्था को समय से गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की बात कही गई। इसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
