फर्रुखाबाद (द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अगस्त 2025 जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता और बचाव को बढ़ावा देने के लिए आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ में स्वयं दवा खाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई और सभी को फाइलेरिया उन्मूलन की शपथ दिलाई।
शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय पपीहापुर पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई और अभियान को गति प्रदान की। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर रोग है, लेकिन समय पर दवा लेने और जागरूकता से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अबनींद्र कुमार, उपजिलाधिकारी रजनीकांत सहित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर लें और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।
