फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 दिसंबर 2025 जिले की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े फर्रुखाबाद स्थापना दिवस के अवसर पर 27 दिसंबर 2025 को नवाब मोहम्मद खाँ बगंश के मकबरे पर पुष्पार्पण एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में नबाव मोहम्मद खाँ वेलफेयर सोसायटी, फर्रुखाबाद द्वारा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी (फतेहगढ़) को सादर आमंत्रण भेजा गया है।
सोसायटी के अध्यक्ष/सचिव द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि फर्रुखाबाद गजेटियर एवं अन्य राजकीय अभिलेखों के अनुसार फर्रुखाबाद शहर की स्थापना 27 दिसंबर 1714 को नवाब मोहम्मद खाँ बगंश द्वारा की गई थी। इसी ऐतिहासिक स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए प्रतिवर्ष स्थापना दिवस पर हयातबाग (नेकपुर खुर्द), गुरगांव देवी मंदिर के पीछे स्थित नवाब मोहम्मद खाँ बगंश के मकबरे पर संक्षिप्त एवं सादे कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित परिसर के नियमों का पालन करते हुए नवाब मोहम्मद खाँ बगंश की मजार पर पुष्पार्पण (गुलपोशी) की जाती है। इसके पश्चात वारहदरी मऊदरवाजा स्थित सोसायटी कार्यालय परिसर में एक संगोष्ठी आयोजित की जाती है, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिक भाग लेते हैं और देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की जीवनगाथा पर विचार प्रस्तुत करते हैं।
सोसायटी ने जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी से विनम्र अनुरोध किया है कि वे स्वयं अथवा अपने किसी अधीनस्थ अधिकारी को कार्यक्रम में उपस्थित कर जश्न-ए-फर्रुखाबाद की गरिमा को और अधिक बढ़ाएं।
यह कार्यक्रम न केवल फर्रुखाबाद के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाता है, बल्कि नई पीढ़ी को नगर की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
