फर्रुखाबाद में पीसीएस परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, दिए कड़े निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 आगामी पीसीएस परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि —नोडल अधिकारी तत्काल सभी परीक्षा केंद्रों पर कैमरे लगवाना सुनिश्चित करें।

स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अवश्य करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। किसी भी मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र में ले जाने की सख्त मनाही होगी।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तीन पुरुष कांस्टेबल, दो महिला कांस्टेबल और एक सब-इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रतिबंधित सामग्री के न पाए जाने की पुष्टि होने के बाद ही केंद्र व्यवस्थापक को मानदेय का भुगतान किया जाएगा। परीक्षक परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुँचें और अभ्यर्थियों के जाने के बाद ही केंद्र छोड़े।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसे तत्काल सक्षम प्राधिकारी को अवगत कराया जाए, न कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर साझा किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं, इसलिए थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। यातायात पुलिस को भी निर्देश दिए गए कि परीक्षा-संबंधी परपत्रों के निर्धारित स्थानों तक पहुँचाने में किसी प्रकार की बाधा न आने दें।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मीडिया ब्रीफिंग केवल अधिकृत अधिकारी ही करें, कोई निम्न स्तर का अधिकारी इस संबंध में बयान न दे। बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, नोडल अधिकारी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं परीक्षक उपस्थित रहे।