फर्रूखाबाद में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितंबर 2025 जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा हेतु आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने तहसील अमृतपुर के विभिन्न गांवों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने डबरी, कुतुलुपुर, मोहद्दीपुर सहित कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद और प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।

इसके साथ ही दोनों अधिकारियों ने पीएचसी राजेपुर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर दवा, उपचार और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राहत सामग्री वितरण और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी बाढ़ पीड़ित परिवार सहायता से वंचित न रहे।