फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में मा0 विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य, मा0 विधायक भोजपुर श्री नागेन्द्र सिंह राठौर, ब्लॉक प्रमुखगण, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, नामित सदस्यगण और विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मनरेगा कार्यों की पारदर्शिता और रखरखाव पर जोर
बैठक में मनरेगा के अंतर्गत अमृतवाटिका योजना के तहत लगाए गए वृक्षों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने और उनके समुचित रखरखाव की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही, ग्रामों में तालाबों की गहराई बढ़ाने हेतु मिट्टी की सफाई को भी अत्यंत आवश्यक बताया गया।
ग्राम समाज की भूमि का सदुपयोग
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि ग्राम समाज की भूमि का पट्टा केवल आवासीय आवंटन के लिए किया जाए। कृषि संबंधी पट्टों पर रोक लगाते हुए इस भूमि का उपयोग फलदार वृक्षों और अन्य योजनाओं के लिए सुरक्षित रखने की सिफारिश की गई।
आजिविका मिशन को बढ़ावा, मेलों में बिक्री की व्यवस्था
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उत्पादित सामग्री की ऑनलाइन बिक्री के अतिरिक्त स्थानीय मेलों, हाट बाजारों और त्यौहारों के अवसरों पर स्टॉल व विक्रय स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
रामगंगा पुल और अन्य परियोजनाओं पर चर्चा
माननीय सांसद द्वारा रामगंगा पुल की मरम्मत कार्य को कांवड़ यात्रा समाप्ति के बाद कराने का सुझाव दिया गया। साथ ही काली नदी और रामगंगा पर प्रस्तावित परियोजना को शीघ्र प्रस्तुत करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन पर सख्ती
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने कूड़ा निस्तारण केंद्रों के उपयोग को लेकर सवाल उठे। विधायक अमृतपुर द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि केंद्रों का उपयोग हो रहा है। इस पर सांसद ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 केंद्रों का निरीक्षण विधायकों से करवाया जाए।
मशरूम की खेती को बढ़ावा
विधायक अमृतपुर द्वारा परंपरागत खेती के तहत मशरूम की खेती को बढ़ावा देने की मांग की गई। विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि तीन किसानों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है और शीघ्र ही और कृषकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता
विधायकों ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत में मरम्मत की धनराशि का उपयोग नई सड़कें बनाने में हो रहा है, जिससे पुरानी सड़कें खराब हो रही हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुरानी सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए और राज्य वित्त से निर्मित सड़कों की सूची तथा कोड जनप्रतिनिधियों को शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं।
जल जीवन मिशन पर चिंता
माननीय सांसद ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क की मरम्मत के बाद ही ग्राम प्रधान अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करें, यह जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी की होगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा
सांसद ने निर्देश दिए कि एक्सपायरी डेट से छह माह पूर्व की दवाइयां स्वास्थ्य विभाग द्वारा न खरीदी जाएं। साथ ही संविदा पर तैनात डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही गई।
प्रशंसा के साथ दी चेतावनी
बैठक के अंत में सांसद श्री मुकेश राजपूत ने उपस्थित अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कार्य ठीक चल रहा है, लेकिन प्रदेश स्तर पर रैंकिंग संतोषजनक नहीं है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। इसी के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
