मैनपुरी से डिंपल यादव लड़ेंगी लोकसभा उप चुनाव

समाजवादी पार्टी ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली मैनपुरी सीट से पूर्व सांसद डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। मैनपुरी में लोकसभा का उप चुनाव पांच दिसंबर को होना है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव को पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव में प्रत्याशी बनाया है। डिंपल यादव 2019 में कन्नौज लोकसभा चुनाव में हार गई थीं, जबकि इससे पहले वह यहीं से 2012 में निर्विरोध सांसद थीं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष डिंपल यादव के लिए लोकसभा के उपचुनाव काफी भाग्यशाली साबित हुए हैं। डिंपल ने वर्ष 2009 में लोकसभा का पहला चुनाव फिरोजाबाद से लड़ा था। जिसमें कांग्रेस के राजबब्बर ने उनको हराया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने वर्ष 2012 में जब कन्नौज लोकसभा की सीट छोड़ी तो उप चुनाव में डिंपल यादव निर्विरोध लोकसभा सदस्य बनी थीं। भाजपा तथा कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी ही नहीं उतारा था। वर्ष 2019 में समाजवादी पार्टी और बसपा की संयुक्त प्रत्याशी के रूप में कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ीं डिंपल को भाजपा के सुब्रत पाठक ने हराया था।

मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव के लिए अधिसूचना आज ही जारी हुई है और समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस चुनाव में नामांकन की अंतिम तारीख 17 नवंबर है।