कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अक्टूबर 2025 प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने आज कन्नौज में आयोजित एक जनसभा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कन्नौज की पीएचसी को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा और पूरे प्रदेश की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को कन्नौज मॉडल पर डेवलप किया जाएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा, “कन्नौज हमारी सरकार की प्राथमिकता में है। इसे हम एक मॉडल जिला बनाकर पूरे प्रदेश के सामने उदाहरण के रूप में पेश करेंगे।”
ब्रजेश पाठक ने पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “समाजवादी पार्टी ने सिर्फ इमारतें खड़ी कीं, लेकिन पद और संसाधन नहीं दिए। भाजपा सरकार इन केंद्रों को वास्तविक सुविधाओं से लैस कर रही है ताकि जनता को बेहतर इलाज मिल सके।”
उन्होंने बताया कि कन्नौज मेडिकल कॉलेज में कैंसर अस्पताल की स्थापना के लिए प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की नियुक्तियाँ की जाएंगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के मोर्चे पर देश में नंबर वन राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने मंत्री असीम अरुण के पिता, स्वर्गीय श्रीराम अरुण की पुण्यतिथि पर खैरनगर स्थित उनके विद्यालय पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कन्नौजी बोली में दिए गए उनके जोशीले भाषण को सुनने के लिए भीड़ देर तक मैदान में डटी रही।
