पीलीभीत में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

कलीनगर में घर में अकेली विवाहिता का शव मंगलवार सुबह बरामदे में लगे पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला। जानकारी होने पर पति घर आया। पति ने अपने बहनोई पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

माधोटांडा के ग्राम धुरिया पलिया निवासी मुख्तार सिंह काफी समय से काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। बेटा भी देहरादून में रहकर काम कर रहा था। घर पर पत्नी राजवीर कौर (45) अकेली थी। सोमवार रात खाना खाकर वह सो गईं। मंगलवार सुबह घर के बरामदे में पंखे के कुंडे से उनका शव लटका मिला।

ग्रामीणों की सूचना पर पति घर पहुंचा। करीब 10 बजे रमनगरा चौकी पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पति मुख्तार सिंह ने आरोप लगाया कि पास में ही उसके बहनोई का फार्महाउस है। सोमवार रात बहनोई ने ही पत्नी को मारकर शव लटका दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बेटी के भागने को लेकर नाराजगी की चर्चा
विवाहिता की हत्या के आरोप के बाद गंभीर हुई पुलिस ने जांच पड़ताल की तो कुछ नए तथ्य मिले। पति और बेटे की गैरमौजूदगी में विवाहिता अपनी बेटी के साथ घर में रह रही थी। सोमवार को पुत्री किसी युवक के साथ चली गई। जानकारी पति के बहनोई मुख्तार को लगी। इस पर मुख्तार ने कुछ नाराजगी भी जताई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने आ इंतजार कर रही है।

जानकारी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति अपने बहनोई पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। जांच में कुछ तथ्य भी सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। – अचल कुमार, एसओ माधोटांडा