पीलीभीत , जहानाबाद में कुंडे से लटका मिला विवाहिता का शव

थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव गौनेरीदान में महिला का शव कमरे के अंदर कुंडे से लटका मिला। महिला के पति की कुछ दिन पूर्व ही हादसे में मौत हो चुकी है। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

नवाबगंज के गांव रिछौला चौधरी की रहने वाली प्रेमवती पत्नी शंकर लाल ने बताया कि उनकी पुत्री उमेंद्रा देवी की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव गौनेरीदान के मानव गंगवार के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही एक फरवरी 2022 को उसके पति की रिछा रोड पर हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।

दोनों परिवारों के बीच कई बार समझौते के प्रयास हुए, लेकिन ससुराल वालों के उमेंद्रा देवी पर जुल्म कम न हुए। एक दिन पहले भी समझौते को लेकर दोनों पक्ष बैठे थे। सोमवार शाम लगभग आठ बजे उमेंद्रा देवी का शव उसके कमरे में लगे पंखे के कुंडे से साड़़ी के फंदे से लटका मिला। मायके वालों का आरोप है कि हत्या कर शव फंदे से लटका गया है।जानकारी मिलते ही सीओ सदर डॉ. प्रतीक दहिया, कमलेश मिश्रा निरीक्षक(अपराध), फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम पुलिस ने विवाहिता के भाई की तहरीर पर ससुर धर्मवीर, सास देवेश्वरी समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।

तीन लाख रुपये को लेकर चल रहा था विवाददोनों पक्षों के बीच दहेज के सामान को लेकर विवाद चल रहा था। मायके पक्ष के लोग शादी में दिए गए सामान का वापस मांग रहे थे। ससुराल पक्ष के लोगों ने सामान दे दिया तीन लाख रुपये वापस करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते दोनों परिवारों के बीच विवाद था।