फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर दस्तक मीडिया ग्रुप के प्रदेश कार्यालय, मोहल्ला मेमरान में बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया और उनकी कुर्बानियों को नमन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश के प्रभारी डॉ. धर्मवीर सिंह ने ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित जनों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण व्यक्त किया।
डॉ. धर्मवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “आज का दिन सिर्फ खुशी का ही नहीं, बल्कि उन शहीदों को याद करने का भी है, जिनके बलिदान और संघर्ष की बदौलत हमें यह आज़ादी मिली है। हमें उनकी गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना होगा, ताकि आज़ादी के महत्व को कभी भुलाया न जा सके।” इस अवसर पर मंडल संवाददाता कानपुर एवं आईएनडीसी नेटवर्क के संपादक अर्पित शाक्य, दस्तक मीडिया ग्रुप के जिला ब्यूरो चीफ सम्राट सिंह, राधेश्याम कुशवाहा, बृजमोहन सिंह राजपूत, ज्ञानेंद्र पाल सिंह, राममनोहर श्रीवास्तव, सुशील कुमार, मनोज पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग और बलिदान का विस्तार से उल्लेख किया तथा युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों व सदस्यों ने मिलकर ‘जय हिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस मौके पर देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
